HomeNews | समाचारहिमाचलBJP ने काटा टिकट, अब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे चेतन बरागटा

BJP ने काटा टिकट, अब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे चेतन बरागटा

शिमला: जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट पर नीलम सरैक के भाजपा उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही पार्टी में बगावत के सुर खड़े हो गए हैं। टिकट नहीं मिलने से नाराज भाजपा नेता चेतन बरागटा ने पार्टी उम्मीदवार के विरोध में निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।

चेतन बरागटा ने दिन में जुब्बल कोटखाई में अपने समर्थकों को संबोधित कर टिकट न मिलने पर भाजपा नेतृत्व पर अपना गुबार निकाला। वहीं शाम को उन्होंने जुब्बल-कोटखाई सीट पर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। चेतन बरागटा ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया है कि वह शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे खड़ापत्थर में नामांकन दाखिल करेंगे।

फेसबुक पर दिवंगत पिता नरेंद्र बरागटा की तस्वीर को सांझा करते हुए चेतन बरागटा ने जुब्बल कोटखाई की जनता से उपचुनाव में आशीर्वाद देने का आग्रह किया है। उन्होंने लिखा है कि “जुब्बल नावर कोटखाई की जनता के साथ, बागबानों के साथ, बरागटा जी के स्वप्नों के साथ हम कुछ भी गलत नहीं होने देंगे। जो कार्य स्वर्गीय श्री नरेंद्र बरागटा जी के अधूरे रह गए, उसे पूरा करना हमारा कर्तव्य है। आपके समर्थन का आग्रह करता हूं”।

बता दें कि नरेंद्र बरागटा के निधन के कारण जुब्बल कोटखाई सीट में उपचुनाव हो रहे हैं। इस सीट पर चेतन बरागटा को भाजपा की टिकट मिलने के प्रबल आसार थे। वह कई दिनों से विस क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहे थे। कई जनसभाओं में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें भाजपा प्रत्याशी बनाने की बात कही थी। अब टिकट नहीं मिलने पर उनके समर्थकों में भारी आक्रोश है।

चेतन बरागटा पिछले लगभग एक दशक से भाजयुमो और भाजपा संगठन में सक्रिय हैं।  भाजपा ने उपचुनाव में जुब्बल कोटखाई से जिला परिषद सदस्य रही नीलम सरैक को उम्मीदवार बनाया है। टिकट आबंटन के बाद भाजपा में मचे इस घमासान से कांग्रेस की राह आसान मानी जा रही है। कांग्रेस ने पूर्व विधायक रोहित ठाकुर को उम्मीदवार घोषित किया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments