Wednesday, April 30, 2025
Homeहिमाचलमंडीहिमाचल: तकनीकी खराबी के चलते जोगिंदर नगर में सेना के चौपर की...

हिमाचल: तकनीकी खराबी के चलते जोगिंदर नगर में सेना के चौपर की एमरजेंसी लैंडिंग

मंडी: मंडी जिले के जोगिंदर नगर में शुक्रवार को भारतीय सेना की 9 कोर के दो हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग से अफरातफरी का माहौल बन गया। एथलेटिक सेंटर खेल मैदान में दो हेलीकॉप्टर के लैंड होने से पहले प्रशासन या पुलिस को भी जानकारी नहीं थी।

बताया जा रहा है कि एक हेलिकॉप्टर में तकनीकी खामी आ गई थी, जबकि दूसरा रेस्क्यू करने के चलते थोड़ी देर में लैंड हुआ। पायलटों ने उतरकर हेलीकॉप्टर को चेक किया और करीब 30 मिनट बाद पठानकोट की ओर रवाना हो गए। इस मैदान में दिनभर खिलाड़ी अभ्यास करते हैं, लेकिन लैंडिंग के समय मैदान खाली था।

हेलीकॉप्टर की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गए। भीड़ को देखते हुए पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और व्यवस्था को संभाला। वैसे तो शहर के ढेलू के डोहग हेलीपैड में ही हेलीकॉप्टर लैंड होते हैं। जिसकी जानकारी दमकल विभाग और प्रशासन को भी दी जाती है, लेकिन यहां हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग की सूचना किसी को नहीं थी। इसलिए क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

हालांकि हेलीकॉप्टर की लैंडिंग का मामला सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है और कई बार अभ्यास के दौरान भी आपात लैंडिंग होती है। पायलटों ने भी कोई जानकारी साझा नहीं की। जोगिंदर नगर पुलिस थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल ने बताया कि उन्हें जैसे ही जानकारी मिली, तभी सुरक्षा के चलते पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।  

एसडीएम जोगिंदर नगर डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि ऐसी जानकारी मिली है कि तकनीकी खराबी के चलते सेना की 9 कोर के दो हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग हुई थी। हालांकि प्रशासन को इसकी सूचना नहीं मिली थी। करीब 30 मिनट बाद दोनों हेलीकॉप्टर पठानकोट की ओर रवाना हो गए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments