सोलन: हिमाचल पथ परिवहन निगम को मिल रही नई बसों की पहली खेप सोलन जिला के नालागढ़ में पहुंच गई है। जल्द ही अन्य बसें पहुंचने की उम्मीद है। बता दें कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के खेमे में 95 नई बसें शामिल होने जा रही है। पिछले कल ही खबर आई थी कि ये बसें बैंगलोर से हिमाचल के लिए रवाना हो चुकी हैं। आज बसों की पहली खेप नालागढ़ पहुंच चुकी है।
बता दें कि ये बसें अशोक लीलैंड के बेंगलुरु स्टेट एसएमके बॉडी बिल्डर्स द्वारा तैयार की गई हैं। एचआरटीसी को मई महीने में 95 नई बसें मिलने जा रही हैं। इनमें 50 AC, तो 45 सामान्य बसें शामिल हैं। नालागढ़ स्थित अशोक लीलैंड की एजेंसी में बसें पहुंचना शुरू हो गई हैं। यहाँ निगम की टीमें बसों का निरीक्षण करेंगी। इसके उपरांत निगम प्रबंधन द्वारा इनका आबंटन डिपुओं में किया जाएगा।
सामने आ रही जानकारियों की मानें तो जल्द ही हिमाचल पथ परिवहन निगम ‘हिम-धारा’ नाम की सेवा शुरु करने जा रहा है। इसके अंतर्गत 50 एसी बसें लंबे रुटों के लिए चलाई जाएंगी। इन बसों का किराया हिम गौरव बस श्रेणी से कम रहेगा। इसकी पुष्टि परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने की है।