Friday, May 23, 2025
HomeNews | समाचारहिमाचलकांगड़ा: दिवाली से पहले रोशन हुआ बड़ा भंगाल, अंधेरे से मिली आजादी

कांगड़ा: दिवाली से पहले रोशन हुआ बड़ा भंगाल, अंधेरे से मिली आजादी

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की सबसे दुर्गम पंचायत बड़ा भंगाल की रातों का अंधेरा दूर हो गया है। प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत हिम ऊर्जा के प्रतिनिधियों ने बड़ा भंगाल में सोलर लाइटों की स्थापना कर दी है।

इस दुर्गम पंचायत में लोगों ने 10 वर्ष के बाद रात को रोशनी के दर्शन किए हैं। इन 10 वर्षों में लोग दीपक के सहारे ही रातों को काटते आए हैं।

उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस पर एसडीएम सलीम आजम सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों के साथ तीन दिन का पैदल सफर तय करने के बाद बड़ा भंगाल पहुंचे थे। बड़ा भंगाल में प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम के दौरान एसडीएम सलीम आजम को पंचायत में किसी भी प्रकार की रोशनी की व्यवस्था ना होने की बात पता चली थी।

बाद में उन्होंने जिला प्रशासन के सहयोग से प्रदेश सरकार के समक्ष यह मामला उठाया। प्रदेश सरकार ने इस पंचायत में सोलर लाइटों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। इस लाइट व्यवस्था पर पांच करोड़ से अधिक की राशि व्यय की जा रही है।

बीते दिनों इन सोलर पैनल को हेलीकॉप्टर की मदद से बड़ा भंगाल पहुंचाया गया था और हिम ऊर्जा के प्रतिनिधि इन को स्थापित करने में लगे हुए थे। पंचायत में अब तक आधे से अधिक घरों और मुख्य स्थानों में सोलर पैनल की स्थापना कर दी गई है।

पंचायत प्रधान मंसाराम भंगालिया ने बताया कि वर्तमान में अधिकांश लोग बीड़ के आसपास के क्षेत्र में रह रहे हैं और शेष रहे घरों में अब अप्रैल माह के बाद सोलर पैनल की स्थापना कर दी जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments