हिमाचल: पति-पत्नी के रिश्तों में दरार डाल रहा सोशल मीडिया, महिला आयोग के पास पहुंची 3 शिकायतें

0
70

शिमला: परिवार में कलेश रहने की कई वजहें रहती हैं। इसी के चलते कई दफा पति-पत्नी, सास-ससुर और देवर-भाभी की आपस में नहीं बनती। लेकिन इसी बीच राज्य महिला आयोग ने कहा कि अब सोशल मीडिया के चलते कई पति पत्नियों में अनबन हो रही है। शुक्रवार को राज्य महिला आयोग के समक्ष इसी तरह के 3 मामले आए, इनमें से धर्मशाला के एक मामले में पति-पत्नी के बीच विवाद को सुलझा दिया गया, जबकि मंडी और शिमला के एक-एक मामले में आयोग ने पति-पत्नी में काउंसलिंग करवाई है।

आयोग की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर ने बताया कि मोबाइल पर व्यस्त रहने के साथ लंबे समय तक फेसबुक और व्हाट्सएप चलाने के कारण पति-पत्नी में दूरियां बन रही हैं। हर माह 6 से 8 शिकायतों में सोशल मीडिया पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह बना है। आयोग दोनों पक्षों की काउंसलिंग करवाकर मामले सुलझा रहा है। इसके अलावा शुक्रवार को कुल 56 मामले सुनवाई के लिए आए। इनमें 21 का निपटारा किया गया। तलाक के चार मामले अदालत के लिए स्थानांतरित किए गए हैं।

दैनिक अख़बार के मुताबिक, कांगड़ा जिले के धर्मशाला की रहने वाली महिला ने शिकायत में बताया कि पति के सोशल मीडिया में व्यस्त रहने के कारण परिवार टूट रहा है। झगड़ा होने के कारण वह अब पति से अलग रह रही है। उनके दो बच्चे भी हैं। पति या तो देर शाम घर लौटता है या कई बार लौटता भी नहीं हैं। ऐसे में पति उसे समय नहीं दे पा रहा। जवाब में पति ने बताया कि ऑफिस के कामकाज के चलते वह मोबाइल पर व्यस्त रहता है। काउंसलिंग के दौरान पति ने विश्वास दिलाया कि वह पत्नी को भी समय देगा। इस शर्त पर पत्नी अपने पति के साथ रहने के लिए मानी।

फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद की शादी, अब पति सोशल मीडिया पर व्यस्त

जिला शिमला की पीड़ित महिला ने बताया कि फेसबुक पर उसकी एक युवक से दोस्ती हुई और सितंबर 2021 में शादी हो गई। अब पति उसको कम सोशल मीडिया को ज्यादा तवज्जो दे रहा है। दिनभर पति ऑनलाइन व्हाट्सएप एवं मोबाइल चलाता है। ऐसे में एक-दूसरे को समय देने के बजाय चैटिंग में लगातार व्यस्त रहने के कारण दांपत्य जीवन बिखर गया है।

पति नहीं दिखाता मोबाइल, किसी अन्य महिला से चक्कर का शक

जिला मंडी की महिला भी आयोग के समक्ष इसी तरह की शिकायत लेकर पहुंची थी। पीड़िता का कहना है कि पति दिन भर मोबाइल में व्यस्त रहता है। उसे शक है कि उनका किसी महिला के साथ चक्कर चल रहा है। पति मोबाइल भी नहीं दिखाता है। ऐसे में उनके बीच झगड़ा हो रहा है। मौजूदा समय में महिला मायके में रह रही है। मंडी जिला की पीड़ित महिला ने बताया कि पति मोबाइल पर व्यस्त रहते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here