Tuesday, March 28, 2023
Homeहादसा/क्राइमहमीरपुर: धमाके के साथ टौणी देवी में धंसी पहाड़ी, मलबे की चपेट...

हमीरपुर: धमाके के साथ टौणी देवी में धंसी पहाड़ी, मलबे की चपेट में आई 5 कारें और एक बाइक

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला स्थित टौणी देवी में पहाड़ी धंसने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा कि धमाके की आवाज़ के साथ पहाड़ी धंस गई। पहाड़ी धंसने से पांच कारें और एक बाइक मलबे की चपेट में आ गईं। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया था, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण अब रेस्क्यू स्थगित कर दिया गया है। सुबह होते ही रेस्क्यू दोबारा शुरू किया जाएगा।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना शाम पौने सात बजे की है। शाम करीब 6:45 बजे टौणी देवी अस्पताल के पास एक धमाके की आवाज आई। इसी के साथ अस्पताल की पहाड़ी से पत्थर गिरने शुरू हो गए। स्लाइडिंग में पांच कारें और एक बाइक मलबे की चपेट में आ गए।

बमसन तहसील के नायब तहसीलदार पूर्ण चंद कौंडल रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंचे। बाद में एसडीएम हमीरपुर ने भी घटनास्थल पर पहुंच मौके का जायज़ा लिया।

नायब तहसीलदार पूर्ण चंद कौंडल ने बताया कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। पहाड़ी धंसने से मलबे में पांच कारें और एक बाइक दब गए और क्षति ग्रस्त हुए हैं।

घटना के बारे में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि आज सायंकाल टौणी देवी में सामुदायिक अस्पताल के परिसर में भूस्खलन के कारण बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरीं। लगभग पांच कारें और एक मोटर साइकिल इसकी चपेट में आए हैं। प्रशासन और फायर ब्रिगेड के लोग राहत और बचाव कार्य में लग गए। किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है। अंधेरा होने के कारण अब राहत कार्य कल प्रातः शुरू होगा। त्वरित कार्रवाई करने के लिए प्रशासन और लोगों को साधुवाद।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments