108 कर्मियों ने फिर जीता दिल: पैदल मौके पर पहुंचे, जंगल में करवाया सफल प्रसव

0
221

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में 108 कर्मियों ने एक बार फिर कुछ ऐसा कर दिखाया है कि उनकी जितनी तारीफ की जाए कम ही होगी। आपने 108 कर्मियों द्वारा एम्बुलेंस में सफल प्रसव करवाने के कई किस्से सुनें होंगे। लेकिन इस बार 108 कर्मियों ने एम्बुलेंस की बजाए जंगल में खुले आसमान के नीचे सफल प्रसव करवाया है। इससे भी बड़ी बात ये है कि जंगल तक 108 एम्बुलेंस कर्मी पैदल चलकर पहुंचे थे। मामला हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला का है।

दरअसल, रामपुर उपमण्डल के पनाशी गांव एक महिला अंजू नेगी को रविवार सुबह प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। सुबह करीब 10 बजे प्रेम सिंह ने 108 को सूचित किया कि महिला प्रसव पीड़ा शुरू हो गई है। इसके बाद तुरंत ही खनेरी से एम्बुलेंस मौके के लिए रवाना हो गई।

11:06 बजे एम्बुलेंस उस स्थान पर पहुंच गई, जहां से महिला को अस्पताल ले जाया जाना था। एम्बुलेंस कर्मियों ने जब मरीज को मौके पर नहीं पाया तो ईएमटी शमशेर सागर से प्रेम सिंह को फोन किया। फोन करने पर पता चला कि महिला को प्रसव पीड़ा इतनी अधिक है कि किसी भी हालत में सड़क तक पहुंचाने की स्थिति नहीं है।

ये सूचना मिलते ईएमटी शमशेर सिंह ने सहयोगी चालक सुनील कुमार के साथ तुरंत पैदल ही मौके पर पहुंचने का निर्णय लिया। दोनों ने जरूरी सामान लिया और निकल पड़े। करीब 6 से 8 मिनट में ही दोनों उस स्थान पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचकर पाया कि महिला असहनीय प्रसव पीड़ा से गुजर रही है।

108 कर्मियों ने खुले आसमान के नीचे ही काफी मशक्कत के बाद जंगल के रास्ते में ही महिला का सफल प्रसव करवा दिया। 108 कर्मियों ने करीब 11ः15 बजे प्रसव करवा दिया था। 108 के मुताबिक जच्चा व बच्चा सुरक्षित हैं, उन्हें खनेरी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here