शिमला: चंडीगढ़ से हिमाचल के विभिन्न शहरों के लिए चल हेली टैक्सी के किराए में बढ़ोतरी होने से अब यह सफर महंगा होने वाला है। चंडीगढ़ से हिमाचल के कुछ शहरों के लिए हेली टैक्सी की की सुविधा उपलब्ध है। लेकिन अब हेली टैक्सी के किराए में बढ़ोतरी हो गई गई है।
चंडीगढ़ से धर्मशाला और कुल्लू के बीच प्रति सवारी किराया 300 रुपये से अधिक बढ़ा है। चंडीगढ़ से धर्मशाला के बीच 336 रुपये और चंडीगढ़ से कुल्लू के बीच का प्रति सवारी किराए में 320 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, शिमला-चंडीगढ़, मंडी-धर्मशाला और शिमला-मंडी के बीच का हवाई सफर 112 रुपये तक महंगा हुआ है। मंडी-कुल्लू और शिमला से रामपुर के बीच 96 रुपये प्रति सवारी किराया बढ़ा है।
बता दें कि उड़ान योजना शुरू होने के समय ही प्रति वर्ष सौ रुपये किराया बढ़ाने का पवन हंस कंपनी और सरकार के बीच करार हुआ था। चंडीगढ़ से धर्मशाला का हवाई सफर शिमला और मंडी होकर होता है। इसी तरह चंडीगढ़ से कुल्लू का हवाई सफर शिमला और मंडी से होकर होता है। इसके चलते इनके किराये में 300 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। शेष राशि जीएसटी के कारण बढ़ी है।
शिमला से चंडीगढ़ और शिमला से मंडी के बीच सप्ताह में छह दिन हेली टैक्सी की सेवा दी जा रही है। रविवार को छोड़कर शेष सभी दिनों बुकिंग करवाई जा सकती है। चंडीगढ़ से धर्मशाला, धर्मशाला से मंडी, शिमला से रामपुर के बीच मंगलवार, बुधवार और वीरवार को हेली टैक्सी की उड़ान होती है। चंडीगढ़ से कुल्लू और मंडी से कुल्लू के बीच सोमवार, शुक्रवार और शनिवार के बीच हेली टैक्सी सेवा चलती है।
यहां देखें कितना बढ़ा किराया
रूट | किराया पहले (रुपयों में) | किराया अब (रुपयों में) |
कुल्लू-चंडीगढ़ | 6500 | 6820 |
चंडीगढ़-धर्मशाला | 5700 | 6036 |
चंडीगढ़-शिमला | 3665 | 3777 |
शिमला-मंडी | 3665 | 3777 |
मंडी-धर्मशाला | 3665 | 3777 |
मंडी-कुल्लू | 3155 | 3251 |
शिमला-रामपुर | 3155 | 3251 |
संजौली हेलीपोर्ट से हेली टैक्सी के लिए करना होगा और इंजतार
जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे की जगह राजधानी शिमला के बीच स्थित संजौली हेलीपोर्ट से अभी हेली टैक्सी के लिए और इंतजार करना होगा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से अभी संजौली हेलीपोर्ट को उड़ान की मंजूरियां नहीं दी गई हैं। डीजीसीए के निरीक्षण के बाद ही सेवा शुरू होगी।