हिमाचल: दो साल पहले हुई थी शादी, हेलीकॉप्टर क्रैश में हुए शहीद, दो माह पहले जन्मा था बेटा

0
60

कांगड़ा: तमिलनाडु के किन्नूर में आर्मी हेलीकॉप्टर हादसे में हिमाचल प्रदेश का फौजी जवान विवेक कुमार भी शहीद हो गया है। लांस नायक विवेक कुमार भी उन 13 लोगों में शामिल थे, जिनकी इस हादसे में मौत हो गई है। विवेक सीडीएस विपिन रावत के पीएसओ थे। उनके निधन पर सीएम जयराम ठाकुर ने भी शोक जताया है।

जानकारी के अनुसार, विवेक कुमार, कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर स्थित कोसरी क्षेत्र के ठेहडू गांव के रहने वाले थे। ठेहडू पंचायत के प्रधान विनोद कुमार ने बताया कि आर्मी की ओर से उन्हें फोन कॉल आई थी। बुधवार करीब शाम 4 बजे फोन कॉल के जरिये सेना ने लांस नायक विवेक कुमार के पारिवारिक सदस्यों ब्यौरा पूछा था. इसके अलावा, कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने बताया कि विवेक कुमार के घर में बुजुर्ग माता-पिता, उनकी धर्मपत्नी और एक बेटा है। दो साल पहले ही विपिन की शादी हुई थी।

डीसी कांगड़ा निपुण जिंदल ने भी कहा कि उनके पास विवेक के शहीद होने की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। हालांकि कांगड़ा के लोकसभा सांसद किशन कपूर और राज्यसभा सदस्य इंदू गोस्वामी ने सोशल मीडिया पर विवेक के शहीद होने की जानकारी दी और श्रद्धांजलि दी। वहीं, विवेक के गांव में मातम पसरा हुआ है।

सीएम जयराम ठाकुर ने इस हादसे पर दुख जताया और कहा कि तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में वीरभूमि हिमाचल के जयसिंहपुर का सपूत एवं सीडीएस जनरल बिपिन रावत जी के पीएसओ, लांस नायक विवेक कुमार जी भी शहीद हुए हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें, दुःख की इस घड़ी में हमारी सरकार शहीद के परिवार के साथ खड़ी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here